Uttar PradeshTop News

निवेश की सबसे सुरक्षित जगह मानी जाने वाले डाकघर में हुआ करोड़ों का घोटाला, जानिए एक तथाकथित एजेंट ने कैसे खेल खेला?

घाटमपुर उपडाकघर में अब तक 20 से ज्यादा खाताधारकों के दो करोड़ रु. पार, अब तक तथाकथित एजेंट समेत दो डाककर्मी गिरफ्तार करके जेल भेजे जा चुके

घाटमपुर उप डाकघर में करीब 21 लोगों के 1.26  करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। डाक विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एजेंट समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज है। वहीं, आरोपित तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान व तत्कालीन कार्यवाहक उप डाकपाल राकेश मिश्रा के साथ ही मुख्य आरोपित भदरस निवासी शैलेंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

आकांक्षा चौरसिया की शिकायत से खुला 1.26 करोड़ रुपये का घोटाला

दरअसल इस घोटाले की शुरुआत वर्षों पहले हुई थी।  लेकिन, मामला तब खुला जब आकांक्षा चौरसिया उप डाकघर पहुंची, आकांक्षा के पिता जितेंद्र और मां अर्चना दोनों का देहांत हो चुका है। उनके माता-पिता के संयुक्त खाते से 23 जनवरी 2025 को उनके खाते से चार लाख 15 हजार रुपये व 28 मई 2025 को दो लाख 98 हजार रुपए निकाले गए। आकांक्षा ने कानपुर डाकघर पहुंचकर मामले की शिकायत की। डाक विभाग द्वारा पांच सदस्यीय टीम बनाकर मामले की जांच शुरू कराई गई।

फर्जी पासबुक और नकली मुहर देखकर खाताधारकों के उड़े होश

आकांक्षा के साथ हुई फर्जीवाड़े की घटना ने अन्य खाता धारकों को सचेत कर दिया। इसके बाद कई लोग अपनी पास बुक लेकर उप डाक घर में चेक कराने पहुंचने लगे। इसके बाद बड़े पैमाने पर घोटाला सामने आया। लोगो को पता चला, कि उनके पास जो पासबुकें थीं वह फर्जी थी, यहां तक कि उनमें लगी मुहर भी फर्जी थी। सबसे ज्यादा पीड़ित भदरस गांव से सामने आ रहे थे, और यह भी सामने आया कि वह उप डाक घर में काम करने वाले शैलेंद्र पाण्डेय से किसी न किसी तरह से जुड़े थे। शैलेंद्र ने अपनी बेटी अनुष्का के नाम उपडाकघर में एजेंसी ले रखी थी।  इतना बड़ा घोटाला सामने आने के बाद डाक विभाग ने दो कर्मियों राकेश मिश्रा और शिवम सचान को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने शैलेंद्र को बुलवाकर पूरी घटना का जिम्मेदार बताते हुए उससे शपथ पत्र लिया, इसके साथ उससे 25 लाख रुपये की चेक भी लीं। लेकिन, इसी बीच शैलेंद्र फरार हो गया। ठगी के शिकार के लोग परेशान थे, और डाक विभाग उन्हें दौड़ा रहा था।


गिरफ्तार शैलेंद्र पांडेय।

इस पर विधायक सरोज कुरील ने  डाक विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाने के साथ पूरा प्रकरण कानपुर जिलाधिकारी और कमिश्नर को बताया। इसके बाद करीब चौबीस लोग अपनी तहरीर लेकर घाटमपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने सभी मामलों की एक संयुक्त तहरीर बनवाकर डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आरोपी शैलेन्द्र पाण्डेय, उसकी पत्नी, बेटे, बेटी, बहु के खिलाफ गंभीर धाराओं के मुकदमा दर्ज किया। डाक विभाग के अधिकारियों ने भी डाक कर्मी शिवम सचान और राकेश मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया। पुलिस क्लर्क और उप डाक पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद मंगलवार को शैलेंद्र पांडेय को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।


गिरफ्तार आरोपित राकेश मिश्रा और शिवम सचान।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शैलेंद्र ने वर्ष 1989 से 1998 तक डाक विभाग में अस्थाई रूप से ग्रामीण डाक सेवक के रूप में काम किया। जब कोई डाक सेवक छुट्टी पर होता था तब उसे तैनात किया जाता। एक तरह से वह विकल्प के रूप में काम करता था। इसके बाद वह स्थायी होने के लिए न्यायालय की शरण में गया, लेकिन उसकी याचिका खारिज कर दी गई। वर्ष 1999 में वह भदरस में तैनात पोस्टमैन हरिनारायण दुबे के संपर्क में आया।

हरिनारायण ने अपनी बहन ममता के नाम पर एजेंसी भी ले रखी थी। शैलेंद्र उनके साथ कमीशन के बेस पर काम करने लगा। वर्ष 2009 में उसने अपनी बड़ी बेटी स्नेहलता की शादी और 2015 में छोटी बेटी प्रेमलता की शादी की। छोटी बेटी के विवाह के दौरान ही उस पर करीब तीन लाख रुपये का कर्ज हो गया। शैलेंद्र का कहना है कि इसी दौरान वह एक बाबू के संपर्क में आया। शैलेंद्र उसका नाम तो नहीं बता सका, लेकिन उसे अपना गुरू कहकर संबोधित किया। शैलेंद्र का कहना है कि उस बाबू ने ही एजेंसी लेकर हेरफेर करने का सुझाव दिया। उसने बेटी के नाम पर एजेंसी ली और काम करने लगा।

कुल रकम का 70 प्रतिशत हिस्सा बाबू रखता और 30 प्रतिशत उसे मिलता। वर्ष  2020 में उस बाबू की जगह नरेश साहू की नियुक्ति हुई। शैलेंद्र का कहना है कि नरेश साहू उनसे 80 प्रतिशत हिस्सा लेने लगा। नरेश साहू वर्तमान में उन्नाव जिला के गंगाघाट स्थित डाकघर में उपडाकपाल के रूप में तैनात है। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की है। शैलेंद्र ने वर्ष 2015 से अब तक जिन डाककर्मियों के साथ घोटाला किया उनके नाम बताए हैं। इसमें एक सेवानिवृत्त हो चुके पुन्हा प्रसाद हैं। वहीं, सीके त्रिपाठी का निधन हो चुका है। इसके साथ ही एक और नाम हरि सिंह का सामने आया है। इनकी क्या संलिप्तता रही है और ये किस पद पर कार्यरत थे, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button